सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिसार जिले के नारनौंद क्षेत्र में वीरवार दोपहर एक बड़ी आग की घटना सामने आई, जब गामड़ा और राखी शाहपुर गांवों के खेतों में गेहूं की अवशेष फसल में अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते करीब 60 एकड़ खेत जलकर राख हो गए।
आग की सूचना मिलते ही गांवों में मुनादी की गई, जिसके बाद किसान ट्रैक्टरों पर स्प्रे पंप और हैरो लेकर मौके पर पहुंचे। दमकल विभाग की नारनौंद से दो और हांसी से एक गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची। ग्रामीणों और दमकल कर्मियों ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
किसानों ने हैरो की मदद से खेत की जुताई कर आग को आगे फैलने से रोका। हालांकि आग को गांव की तरफ बढ़ने से रोक लिया गया, लेकिन तब तक 6 किसानों के सोलर पैनल, बिजली की केबल और डीजल इंजन आग की चपेट में आ चुके थे।







































