सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिसार के जिंदल पुल पर गुरुवार को पूरे दिन वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। बीएंडआर विभाग पुल के ऊपरी हिस्से, विशेष रूप से स्लैब पर, बिटुमन रोड निर्माण का कार्य कर रहा है। अचानक पुल बंद होने से आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि यह काम बिना किसी पूर्व सूचना के शुरू कर दिया गया।
बीएंडआर इंजीनियरों ने बुधवार देर शाम पुल पर कार्य शुरू करवाया और उसे बंद कर दिया। टीम अब नई परत बिछाने में जुटी है। गुरुवार देर शाम तक पुल को पुनः खोले जाने की संभावना है। तब तक वाहन चालकों को शहर में प्रवेश या निकास के लिए वैकल्पिक मार्ग अपनाने होंगे।
यह पुल हिसार को हांसी से जोड़ता है और दिल्ली रोड स्थित हार्ट ऑफ सिटी से गुजरता है। इंडस्ट्रियल एरिया के निकट होने के कारण यह मार्ग अत्यंत व्यस्त रहता है। प्रतिदिन यहां एक लाख से अधिक वाहनों की आवाजाही होती है, इसलिए इसके बंद होने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
पूर्व में, बीएंडआर ने 1 मार्च के वीकेंड पर दो दिन के लिए पुल को बंद किया था। पुल पर पहले 50 से ज्यादा छोटे-बड़े गड्ढे थे, जिनके कारण कई वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो चुके थे। बीएंडआर ने कई गड्ढों को भरकर कुछ हिस्सों में नई सड़क बिछा दी थी, लेकिन निकाय चुनाव के चलते काम अधूरा रह गया था। अब बाकी सड़क पर भी कार्य जारी है।
वैकल्पिक मार्ग:
जिंदल पुल बंद होने के चलते, हिसार से हांसी जाने वाले वाहन चालक जिंदल चौक → सूर्य नगर → रायपुर रोड → दिल्ली बाइपास के रास्ते हांसी जा सकते हैं। वहीं, सातरोड़ की ओर जाने वाले वाहन चालक सूर्य नगर आरयूबी → सूर्य नगर → शिव कॉलोनी के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुँच सकते हैं।







































