सिटी बिग न्यूज | चंडीगढ़
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, पूर्व केंद्रीय मंत्री और सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने मंगलवार देर शाम जिला सिरसा के गांव सुचान, रूपाणा और लुदेसर का दौरा किया। उन्होंने हाल ही में आग से बर्बाद हुई फसलों का जायजा लिया और प्रभावित किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
कुमारी सैलजा ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पत्र लिखकर पीड़ित किसानों को 65 हजार रुपये प्रति एकड़ की दर से मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जब किसानों ने समय रहते बिजली की ढीली तारों की शिकायत की थी, तब बिजली निगम ने उस पर कार्रवाई क्यों नहीं की। उन्होंने निगम की लापरवाही पर नाराजगी जताई और सरकार से मामले की गंभीरता से जांच करने की मांग की।
गांव सुचान में किसानों ने बताया कि बिजली की तारों में स्पार्किंग के चलते खेतों में आग लगी, जिसमें लहसुन समेत कई फसलें जलकर राख हो गईं। किसानों ने बताया कि उन्होंने खुद ही मिलकर आग पर काबू पाया, प्रशासनिक मदद न के बराबर रही।
गांव रूपाणा में किसानों ने बताया कि फायर ब्रिगेड की गाड़ी तो पहुंची लेकिन ट्यूबवेल न चल पाने की वजह से पानी भरने में दिक्कत आई। लोगों ने मिलकर ही आग बुझाई। सांसद सैलजा ने कहा कि सरकार को किसानों का दर्द समझना चाहिए और मुआवजे में कोई देरी नहीं होनी चाहिए।
साथ मौजूद रहे कांग्रेस नेता:
सैलजा के साथ इस मौके पर वीरभान मेहता, संदीप नेहरा एडवोकेट, गोपीराम चाडीवाल, राजेश चाडीवाल, राम सिंह सोलंकी, उर्मिल भारद्वाज, कृष्णा फोगाट, रणधीर सिंह चेयरमैन, लादूराम पूनिया, मलकीत सिंह रंधावा, रतन गेंदर, कर्ण चावला, सुरजीत सिंह भावदीन और आरसी लिंबा आदि शामिल रहे।
पहलगाम में आतंकी हमला निंदनीय – कुमारी सैलजा
सांसद कुमारी सैलजा ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि हमारी सेनाएं साहस और शौर्य के साथ आतंकियों का मुकाबला कर रही हैं। सैलजा ने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि वह राजनीतिक दलों को विश्वास में लेकर एक सर्वदलीय बैठक बुलाए, ताकि आतंकवाद के खिलाफ ठोस रणनीति बनाई जा सके।
उन्होंने कहा कि केंद्र को केवल “स्थिति सामान्य” जैसे खोखले दावों से बचना चाहिए और इस हमले की पूरी जिम्मेदारी लेनी चाहिए। यह कायराना हमला मानवता पर धब्बा है। सांसद ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा सर्वोपरि है और सरकार को इसके लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।







































