सिटी बिग न्यूज | हिसार
शहर के पॉश एरिया अर्बन एस्टेट से सटी डीसी-एमसी कॉलोनी स्थित सिल्वर अपार्टमेंट में बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे आग लग गई। आग की शुरुआत बिल्डिंग के बेसमेंट में खड़े वाहनों से हुई, जहां से अचानक धुआं उठता देखा गया। उस समय अधिकतर परिवार अपने-अपने घरों में मौजूद थे।
आसपास के लोगों ने जब धुआं और आग देखी तो शोर मचाया और बिल्डिंग में रहने वालों को सतर्क किया। फौरन फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। कुछ ही देर में दमकल की 5 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू हुआ।
जानकारी के मुताबिक, बेसमेंट में खड़े वाहनों से आग फैली। मौके पर पहुंचे पुलिस और दमकल विभाग ने तत्परता दिखाते हुए बिल्डिंग में रखे करीब 20 सिलेंडरों को बाहर निकालना शुरू किया और सभी 25 फ्लैट खाली करवा लिए। लोग ज़रूरी सामान लेकर बाहर निकलते देखे गए।
घटना के वक्त पार्षद संजय डालमिया, एसडीएम ज्योति मित्तल और तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने सभी प्रभावित परिवारों से बात कर प्रशासन की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
गौरतलब है कि 3 दिन पहले भी इसी अपार्टमेंट के बाहर खड़ी 14 गाड़ियों (3 कार, 11 दोपहिया) में अचानक आग लग गई थी। उस घटना में कुछ गाड़ियां जलने से बचा ली गईं लेकिन ज़्यादातर जलकर खाक हो गई थीं।
अब दोबारा आग की घटना से साजिश की आशंका गहराने लगी है। सोसाइटी के लोगों ने बताया कि बिल्डिंग में न तो सीसीटीवी कैमरे हैं और न ही किसी तरह की सुरक्षा व्यवस्था। यह अपार्टमेंट कुणाल चौधरी द्वारा बनवाया गया था और लोगों को हैंडओवर कर दिया गया था। मेंटेनेंस का ज़िम्मा यहां रहने वाले खुद उठाते हैं।
लोगों का कहना है कि दो घटनाओं के बीच का समय और तरीका देखकर लगता है कि इसके पीछे शरारती तत्वों की साज़िश हो सकती है।
📍 स्थिति नियंत्रण में है लेकिन लोगों में डर बना हुआ है।




































