सिटी बिग न्यूज | हिसार
हरियाणा के हिसार जिले के अग्रोहा क्षेत्र में पुलिस ने एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान कुलेरी निवासी विरेंद्र उर्फ घोलू के रूप में हुई है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी अवैध पिस्तौल के साथ अग्रविभूति मंदिर के पास मौजूद है।
सूचना मिलते ही अग्रोहा थाना के एएसआई रामजीलाल के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा। विरेंद्र भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे काबू कर लिया।
तलाशी के दौरान उसकी जींस की जेब से 32 बोर की पिस्तौल और दाहिनी जेब से तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए। जांच में सामने आया कि आरोपी के पास हथियार का कोई वैध लाइसेंस नहीं था। पुलिस ने शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।







































