सिटी बिग न्यूज | हिसार
हरियाणा के हिसार जिले के गांव बड़छप्पर में सीमा सुरक्षा बल (BSF) से रिटायर्ड 55 वर्षीय जवान विनोद कुमार ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उनके साथ गांव के चार लोगों ने कथित रूप से मारपीट की थी। पुलिस ने घटनास्थल से एक सुसाइड नोट बरामद किया है जिसमें विनोद ने अपनी बेइज्जती और मारपीट का जिक्र किया है।
जानकारी के अनुसार, 19 अप्रैल को विनोद कुमार खेत में गेहूं कटाई की मशीन लगवाने गए थे। घर लौटने पर उनके मुंह और पैरों पर चोट के निशान थे। उन्होंने अपने बेटे को बताया कि गांव के प्रदीप, विकास, धन्ना और एक अन्य युवक ने उनके साथ मारपीट की है।
इसके बाद विनोद ने बेटे को चेताया कि वह इन लोगों से कोई बातचीत न करे और फिर अपने कमरे में जाकर दरवाजा बंद कर लिया। लगभग आधे घंटे बाद जब बेटे ने दरवाजे की जाली से झांका, तो देखा कि विनोद पंखे से लटके हुए हैं।
पुलिस की सीन ऑफ क्राइम टीम ने मौके का मुआयना कर खून के धब्बे, मोबाइल फोन और अन्य सबूत जुटाए हैं। 21 अप्रैल को बास थाना पुलिस ने जांच के बाद चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस जांच जारी है।




































