सिटी बिग न्यूज | हिसार
ओडीएम महिला महाविद्यालय में एक विशेष जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं को डायल 112 आपातकालीन सेवा और उसकी मोबाइल एप्लिकेशन के प्रयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
इस पहल का उद्देश्य छात्राओं को आपात स्थिति में सहायता प्राप्त करने के लिए जागरूक और तैयार करना हैं। कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग से किरण और गीता (महिला थाना) उपस्थित रहीं।
उन्होंने छात्राओं को डायल 112 एप के एसओएस बटन, जीपीएस आधारित लोकेशन ट्रैकिंग और त्वरित रिस्पॉन्स जैसे उपयोगी फीचर्स के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डायल 112 एकीकृत आपातकालीन सेवा है, जो पुलिस, अग्निशमन और एंबुलेंस जैसी जरूरी सेवाओं को एक ही नंबर पर उपलब्ध कराती है।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. प्रतिमा कुमार ने कहा, हमारा उद्देश्य है कि छात्राएं न केवल शिक्षा में आगे रहें, बल्कि सुरक्षा के मामलों में भी सजग और आत्मनिर्भर बनें। डायल 112 जैसी सुविधाएं छात्राओं की सुरक्षा के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं और हमें गर्व है कि हमने इस जागरूकता अभियान के माध्यम से उन्हें यह जानकारी दी।
महाविद्यालय के निदेशक डॉ. अजीत सिंह ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा, ओडीएम महिला महाविद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ व्यवहारिक जीवन कौशल और सुरक्षा जागरूकता पर भी बल दिया जाएगा।
डायल 112 एप की जानकारी छात्राओं को तकनीकी रूप से सशक्त और मानसिक रूप से निडर बनाती है। छात्राओं ने इस जागरूकता कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि यह जानकारी उनके लिए अत्यंत उपयोगी है और वे इसे अपने परिवार व आस पास में भी साझा करेंगी।




































