सिटी बिग न्यूज | हिसार
जींद की शिव कॉलोनी निवासी निर्मला के साथ बस में सफर के दौरान सोने के जेवरात चोरी होने की वारदात सामने आई है। 18 अप्रैल को भतीजी की शादी में सिंघवा खास गईं निर्मला 20 अप्रैल की सुबह मुंढाल से जींद जा रही थीं। बस में भीड़ अधिक होने के कारण एक अज्ञात व्यक्ति ने मदद के बहाने उनका बैग पकड़ लिया। कंडक्टर के आने पर जब निर्मला ने पैसे निकालने के लिए बैग खोला, तो आरोपी ने उसमें रखे सोने के जेवर देख लिए।
गांव बास में कुछ अन्य यात्रियों के साथ वह व्यक्ति भी उतर गया। जब निर्मला ने बैग देखा तो वह बदला हुआ था और अंदर रखे जेवरात गायब थे। उन्होंने बस रोकने की कोशिश की, लेकिन शोरगुल में उनकी आवाज दब गई।
चोरी गए जेवरात में 20 ग्राम की सोने की चेन, 20 ग्राम का सोने का सेट और 5 ग्राम के सोने के बाले शामिल हैं। बास थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
🔍 पुलिस जांच जारी, सीसीटीवी और गवाहों से मिल सकती है सुराग की उम्मीद।







































