सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिसार जिले के चंदन नगर में राधेश्याम की हत्या का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। मृतक के परिजन पिछले तीन दिनों से शव लेने से इनकार कर सीएमओ कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे हैं। उनकी मांग है कि पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करे।
सदर थाना प्रभारी ईश्वर सिंह ने शनिवार दोपहर धरना स्थल पहुंचकर परिजनों से बातचीत की और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया, लेकिन परिवार अपनी मांग पर अड़ा हुआ है। धरने में बड़ी संख्या में ग्रामीण भी शामिल हुए हैं, जिससे प्रशासन पर दबाव बढ़ता जा रहा है।
परिजनों ने राधेश्याम की पत्नी मोनिका पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मोनिका के अपने जीजा से अवैध संबंध थे और इसी कारण राधेश्याम की हत्या की गई। आरोप है कि मोनिका ने अपने प्रेमी और अन्य परिजनों के साथ मिलकर राधेश्याम को मार डाला।
परिजनों ने कहा कि यदि राधेश्याम ने आत्महत्या की होती तो उसका शव पलंग पर कैसे मिला? उसके गले पर नाखूनों के खरोंच के निशान हैं, जो साफ संकेत देते हैं कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि मोनिका ने शनिवार सुबह फोन पर कहा था कि राधेश्याम ने रात में फंदा लगाने की कोशिश की थी, जिसकी वीडियो भी उसने बनाई थी। इसके बाद उसने उसे उतारकर पानी पिलाया और दूसरे कमरे में जाकर सो गई।
परिजन मोनिका की हरकतों पर शक जता रहे हैं। उन्होंने बताया कि मोनिका ने पहले ही दो बैग में कपड़े और जेवर भर लिए थे और वह मौके की तलाश में थी कि कब भाग सके।
रविवार को पीडब्ल्यूडी मंत्री रणबीर गंगवा के भतीजे रामचंद्र गंगवा भी धरना स्थल पर पहुंचे, लेकिन परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी से पहले शव लेने से साफ इनकार कर दिया।
परिजनों का साफ कहना है कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, वे राधेश्याम का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। उन्होंने पुलिस पर दबाव डालने और उन्हें डराने का भी आरोप लगाया है।







































