सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिसार जिले के बरवाला क्षेत्र में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का शव मिला। यह घटना हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे के पास की है। राहगीरों ने महिला की लाश को देख तुरंत स्थानीय लोगों और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची बरवाला पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतका की उम्र करीब 35 से 40 साल के बीच आंकी जा रही है। घटनास्थल से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है, जिसकी मदद से पुलिस महिला की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
पुलिस ने आसपास के इलाकों में पूछताछ शुरू कर दी है और मोबाइल की जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह मामला हत्या, आत्महत्या या किसी दुर्घटना से जुड़ा है।
बरवाला पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की रफ्तार तेज कर दी है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही मृतका की पहचान हो सकेगी तथा मौत की वजहों से पर्दा उठ सकेगा।







































