सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिसार के खेदड़ गांव में 23 वर्षीय विवाहिता उर्मिला की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतका के पिता राजबीर ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाते हुए बरवाला थाने में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने पति रविंदर, ससुर बलजीत और सास के खिलाफ IPC की धारा 304B, 498A और 34 के तहत केस दर्ज किया है।
उर्मिला की शादी 15 अक्टूबर 2021 को खेदड़ निवासी रविंदर से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही दहेज को लेकर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। पहले इस मामले में भिवानी के तोशाम और महिला थाना में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी, लेकिन बाद में समझौता हो गया। समझौते के बावजूद ससुरालवालों का व्यवहार नहीं बदला।
उर्मिला ने एक बेटी को जन्म दिया, जिसके बाद उसे लड़का न होने के ताने दिए गए। 18 अप्रैल को पिता राजबीर को बेटी की मौत की सूचना मिली। उनका आरोप है कि मौत के बाद भी ससुरालवालों ने खुद संपर्क नहीं किया। शव का पोस्टमार्टम शनिवार को हिसार नागरिक अस्पताल में किया गया।







































