सिटी बिग न्यूज | हिसार
हरियाणा के हिसार जिले के गांव भिवानी रोहिल्ला निवासी वायुसेना जवान सचिन रोहिल (25) की असम के भालुकपोंग में भराली नदी में डूबने से मौत हो गई। वह भारतीय वायुसेना की 11 एयर विंग में तैनात थे और असम के तेजपुर जिले के 267 सिग्नल एयर फोर्स कैंप में सेवा दे रहे थे।
जानकारी के अनुसार, सचिन सोमवार को एक सिविलियन की जान बचाने के लिए भराली नदी में कूदे थे, जिसके बाद वे लापता हो गए। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) की 59वीं बटालियन ने मंगलवार सुबह उनका शव नदी से बरामद किया।
शहादत की खबर सुनकर पूरे गांव और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। जवान का पार्थिव शरीर गुरुवार को उनके पैतृक गांव पहुंच चुका है, जहां उन्हें सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।
सचिन की भर्ती वर्ष 2019 में भारतीय वायुसेना में हुई थी। करीब छह महीने पहले ही उन्होंने कमांडो का विशेष प्रशिक्षण कोर्स पूरा किया था। कोर्स के बाद वह नवंबर में घर आए थे और अब मई में फिर से छुट्टी पर आने वाले थे। घटना से कुछ घंटे पहले ही उन्होंने अपने परिजनों से बातचीत की थी और घर आने का वादा किया था।
सचिन का परिवार पिछले 20 वर्षों से जींद में रह रहा है। उनके पिता का निधन करीब 8 साल पहले एक सड़क हादसे में हो गया था। मां कमलेश एक गृहिणी हैं और छोटे भाई सागर प्राइवेट नौकरी करते हैं। दोनों भाई अविवाहित थे और परिवार इसी साल दिसंबर तक सचिन की शादी की तैयारी कर रहा था।
शहीद सचिन की वीरगति पर पूरे गांव को गर्व है, लेकिन साथ ही उनके असमय जाने का ग़म भी गहरा है।






































