सिटी बिग न्यूज | हिसार
हरियाणा के हिसार जिले में बुधवार देर रात आपसी रंजिश के चलते दो गुटों में खूनी संघर्ष हो गया। सब्जी मंडी पुल के पास हुई फायरिंग और चाकूबाजी में 18 वर्षीय युवक आकाश उर्फ बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हमलावरों ने पहले आकाश पर 2-3 बार चाकू से वार किया और फिर उसके सिर में गोली मार दी। वहीं, झगड़े में दूसरा युवक रमन भी घायल हुआ, जिसे पैर में गोली लगी है।
घटना के समय अन्य युवक भी मौके पर मौजूद थे, जो आकाश की मौके पर ही मौत होते ही फरार हो गए। मृतक की पहचान बिहार मूल के आकाश उर्फ बच्ची के रूप में हुई है, जो अपनी मां शीला देवी के साथ हिसार के मेहता नगर में किराए के मकान में रहता था। उसकी मां घरों में सफाई का काम करती हैं, जबकि पिता का पहले ही निधन हो चुका है।
घायल युवक रमन इंदिरा कॉलोनी का रहने वाला है और उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आकाश का शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आकाश और रमन के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी। दोनों पक्षों के बीच दिसंबर में भी झगड़ा हो चुका था। बुधवार रात करीब 1:30 बजे दोनों गुट सब्जी मंडी पुल के पास आमने-सामने आए, जहां विवाद हिंसक हो गया।
मृतक की मां शीला देवी ने रमन और उसके साथियों पर बेटे की हत्या का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने उनके बयान दर्ज कर लिए हैं और फरार हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
फोरेंसिक टीम ने मौके की जांच की है और पुलिस मामले की तह तक जाने के लिए सभी साक्ष्य जुटा रही है।






































