सिटी बिग न्यूज | हिसार
वार्ड 11, 12 क्वार्टर रोड निवासी सोनू राम बिसरवाल ने अंबेडकर फूल मार्केट स्थित अपनी दुकान “बी.एल. फ्लावर्स” में हुई चोरी को लेकर पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि 15 अप्रैल को सुबह उनकी दुकान से नकदी, तराजू और गुलाब के फूल से भरा पॉलिथीन एक महिला द्वारा चुरा लिया गया। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
सोनू बिसरवाल के अनुसार, उन्होंने तुरंत 112 पर कॉल कर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन जब वे सिटी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराने पहुंचे, तो वहां उन्हें और उनकी माता को घंटों खड़ा रखा गया और पुलिसकर्मियों का रवैया असहयोगात्मक रहा। काफी निवेदन के बाद शिकायत की रसीद दी गई, जिसमें दर्ज आईओ से जब संपर्क किया गया तो उसने मामले से अनभिज्ञता जताई। बाद में बताया गया कि रसीद गलत कटी है और किसी अन्य पुलिसकर्मी से संपर्क करने को कहा गया।
सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि उक्त महिला सुबह 6:51 पर तराजू, फिर 6:57 पर काउंटर से नकदी और फिर 7:00 बजे डी-फ्रिज से गुलाब के फूल चुराते हुए नजर आ रही है। शिकायतकर्ता ने सीसीटीवी फुटेज की पेन ड्राइव पुलिस को सौंप दी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
सोनू बिसरवाल ने सवाल उठाते हुए कहा कि यह मामला पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने आरोपी महिला की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।







































