सिटी बिग न्यूज | हिसार
हरियाणा के हिसार जिले के उकलाना हलके के गांव नंगथला में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तोड़े जाने के विरोध में धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। बुधवार को गांव की महिलाओं ने भी घर के कामकाज छोड़कर धरने में भाग लिया और घटना के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की। बता दें कि यह घटना अंबेडकर जयंती यानी 14 अप्रैल को हुई, जब गांव के पार्क में स्थापित बाबा साहेब की प्रतिमा को कुछ असामाजिक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया।
इस शर्मनाक कृत्य के बाद ग्रामीणों ने प्रतिमा को कपड़े से ढक दिया और विरोध स्वरूप धरना शुरू किया। पुलिस ने ग्रामीणों से 24 घंटे का समय मांगा था जो अब समाप्त हो रहा है। धरना स्थल पर मौजूद लोगों ने साफ चेतावनी दी है कि अगर आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द नहीं हुई तो वे प्रदेश स्तरीय आंदोलन करेंगे।
घटना की जांच अग्रोहा थाना प्रभारी रिसाल सिंह और डीएसपी किशोरी लाल कर रहे हैं। फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों ने मौके से सबूत जुटाए हैं और सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। गांव की सरपंच मोनिका की शिकायत पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
सामाजिक संगठनों और बुद्धिजीवियों ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की है। बताया गया है कि यह प्रतिमा दो साल पहले ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से स्थापित की थी, जिसकी देखरेख गांव की अंबेडकर समिति करती है।
घटना की जानकारी मिलते ही उकलाना विधानसभा के कांग्रेस विधायक नरेश सेलवाल नंगथला पहुंचे और धरने पर बैठे लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि उकलाना हलके में जाति विशेष को निशाना बनाकर बार-बार अपमानित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले बधावड, फिर लांधड़ी और अब नंगथला में बाबा साहेब की प्रतिमा तोड़ना बेहद निंदनीय है।
विधायक सेलवाल ने आरोप लगाया कि चुनावों के दौरान राजनीतिक दल बाबा साहेब के नाम का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन चुनाव जीतने के बाद उन्हीं के अनुयायियों को अपमानित किया जाता है। उन्होंने प्रशासन और सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समाज के सम्मान के लिए सड़कों पर उतरना पड़े या आंदोलन करना पड़े, तो वे पीछे नहीं हटेंगे।
विधायक ने जिला पुलिस अधीक्षक से फोन पर बात कर दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की और कहा कि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आरोपियों को उम्रकैद की सजा दी जाए।






































