सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिसार: बीजेपी नेता मनदीप मलिक की परेशानियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं। एक तरफ वह रेप केस की जांच का सामना कर रहे हैं, तो दूसरी ओर अब उनके घर में चोरी की वारदात हो गई है।
इस संबंध में मनदीप मलिक की पत्नी अनिता मलिक ने हिसार पुलिस को शिकायत दी है। शिकायत के अनुसार, वह अबर्न एस्टेट में रहती हैं और एक प्राइवेट स्कूल चलाती हैं। उनके घर पर काम करने वाली नौकरानी ज्योति, पत्नी विक्रम सिंह निवासी सूर्या नगर, पर चोरी का शक जताया गया है।
अनिता मलिक ने बताया कि वह कुछ दिन पहले वृंदावन गई थीं। लौटने के बाद जब उन्होंने अलमारी खोली, तो 220 ग्राम चांदी की पाजेब, 4 ग्राम के सोने के टॉप्स, कुछ कपड़े और जूते गायब पाए। उन्हें पूरा विश्वास है कि यह चोरी ज्योति ने ही की है। पुलिस ने मामले में ज्योति के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इससे पहले मनदीप मलिक पर एक मुस्लिम युवती से रेप के आरोप लगे थे। उनके खिलाफ 22 अक्टूबर 2024 को केस दर्ज किया गया था।
रेप केस में फिलहाल हाईकोर्ट में सुनवाई चल रही है, जिसकी अगली तारीख 21 अप्रैल तय है। इस मामले में पुलिस ने मनदीप मलिक और उसके साथी प्रॉपर्टी डीलर प्रदीप सहरावत का मेडिकल व सीमन टेस्ट करवाया है, जिसकी रिपोर्ट जांच के लिए मधुबन लैब भेजी गई है।






































