सिटी बिग न्यूज | फतेहाबाद
फतेहाबाद के जाखल में किसानों और मजदूरों के लिए सस्ती दरों पर भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘अटल किसान मजदूर कैंटीन’ की शुरुआत की गई है। इस कैंटीन का शुभारंभ राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने मार्केट कमेटी कार्यालय में किया।
यह कैंटीन विशेष रूप से गेहूं खरीद सीजन को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई है, ताकि मंडियों में आने वाले किसानों और मजदूरों को सिर्फ ₹10 में पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन मिल सके।
उद्घाटन के मौके पर सांसद बराला ने स्वयं 10 रुपए की पर्ची कटवाकर भोजन किया, ताकि इस योजना की उपयोगिता को स्वयं अनुभव कर सकें। उन्होंने कहा कि यह कदम न केवल किसानों और मजदूरों को राहत देगा, बल्कि स्वयं सहायता समूहों को भी रोजगार प्रदान करेगा।
सांसद बराला ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार प्रदेश की अन्य अनाज मंडियों में भी जरूरत के अनुसार ऐसी कैंटीन स्थापित कर रही है। उन्होंने इसे किसानों और मजदूरों के लिए एक ऐतिहासिक पहल करार दिया।
इस मौके पर मार्केट कमेटी के अधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे और सांसद का गर्मजोशी से स्वागत किया।







































