सिटी बिग न्यूज | सिरसा/हिसार/हांसी
डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद कुमारी सैलजा ने सोमवार को सिरसा में अंबेडकर चौक पर बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने देशवासियों को बधाई देते हुए संविधान की रक्षा का संकल्प दोहराया।
उन्होंने कहा कि “संविधान सुरक्षित रहेगा तो देश और देशवासी सुरक्षित रहेंगे। हमें मिलकर 36 बिरादरी, समाज और वंचित वर्ग के लिए काम करना होगा। आज हमें बाबा साहेब के दिखाए मार्ग पर चलने की जरूरत है।”
सैलजा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि डॉ. अंबेडकर न केवल संविधान निर्माता थे, बल्कि एक महान समाज सुधारक, आर्थिक विशेषज्ञ, लेखक और नारी सम्मान के सशक्त पक्षधर भी थे। उन्होंने समानता, न्याय और स्वाभिमान के सिद्धांतों पर देश को आगे बढ़ने की राह दिखाई।
इस मौके पर कालांवाली विधायक शीशपाल केहरवाला सहित कई स्थानीय नेता, अधिवक्ता और समाजसेवी मौजूद रहे।
इसके बाद कुमारी सैलजा ने हिसार के लघु सचिवालय में स्थित अंबेडकर प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया। यहां उन्होंने जनसमूह से बाबा साहेब के विचारों को आत्मसात करने की अपील की। सैलजा ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने दलितों और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए शिक्षा को सबसे बड़ा हथियार माना।
इस कार्यक्रम में डॉ. अंबेडकर महासभा के प्रधान रघुवीर सुंडा, महासचिव सतबीर सभरवाल, एडवोकेट बजरंग इंदल, हरपाल बूरा, संदीप बूरा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
हांसी में रविवार देर रात मीडिया से बातचीत में कुमारी सैलजा ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिजली दरों में बढ़ोतरी तो सिर्फ एक ट्रेलर है, आगे-आगे और क्या होता है, देखते जाइए। उन्होंने नशे और बेरोजगारी के बढ़ते मामलों पर सरकार की चुप्पी को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
सैलजा ने हिसार एयरपोर्ट के बार-बार हो रहे उद्घाटनों पर भी तंज कसते हुए कहा कि न जाने इस हवाई अड्डे का और कितनी बार उद्घाटन होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार का छह माह का कार्यकाल बीत जाने के बावजूद जमीनी मुद्दे जस के तस हैं।
कांग्रेस सांसद ने कहा कि महिलाओं के हितों के लिए भाजपा सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है, और युवाओं को रोजगार देने में पूरी तरह विफल रही है।







































