सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिसार के उकलाना हलके के गांव नंगथला में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर अज्ञात असामाजिक तत्वों ने उनकी प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। यह प्रतिमा गांव के प्राइमरी स्कूल के पास ठसका रोड पर दो वर्ष पूर्व ग्रामीणों के सहयोग से स्थापित की गई थी। ग्रामीण युवाओं द्वारा इसकी नियमित देखभाल की जाती थी।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब अंबेडकर जयंती की छुट्टी के बाद स्कूल दोबारा खुला। ग्रामीणों ने देखा कि प्रतिमा का चेहरा और चश्मा खंडित कर दिया गया है। यह देखकर गांव में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
सूचना मिलते ही अग्रोहा थाना प्रभारी रिसाल सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी किशोरी लाल भी मौके पर आए। पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।
इस घटना की स्थानीय सामाजिक संगठनों और बुद्धिजीवियों ने कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
यह घटना उस समय सामने आई है जब समाज में एकता, समरसता और सद्भाव की आवश्यकता सबसे अधिक महसूस की जा रही है। डॉ. अंबेडकर की विचारधारा और संघर्षों का अपमान कर इस घटना ने सामाजिक ताने-बाने को ठेस पहुंचाई है।







































