सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिसार जिले के हांसी क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में 53 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 32 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा गांव महजत के पास जीटी रोड पर उस समय हुआ, जब दोनों व्यक्ति मोटरसाइकिल से सफर कर रहे थे और आंधी के कारण गिरे पेड़ से बचने की कोशिश कर रहे थे।
गांव महजत के सरपंच दीपक के अनुसार, सत्तीया और नरेश ढाणी कुतुबपुर से महजत गांव की ओर लौट रहे थे। रास्ते में भाटला के नजदीक तेज आंधी के कारण एक पेड़ सड़क पर गिरा हुआ था। जैसे ही दोनों ने पेड़ के पास से मोटरसाइकिल निकालने का प्रयास किया, पीछे से आ रही तेज रफ्तार गाड़ी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और दोनों सवार उछलकर दूर जा गिरे।
हादसे में सत्तीया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नरेश को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसे के बाद गाड़ी चालक मौके से फरार हो गया।
सत्तीया के भाई ने बताया कि दोनों पिछले एक साल से ढाणी कुतुबपुर की एक खंभा निर्माण फैक्ट्री में कार्यरत थे। सत्तीया परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसकी एक बेटी की शादी हो चुकी है और बेटा गांव में सैलून चलाता है।
पुलिस को हादसे की सूचना दे दी गई है और फरार गाड़ी चालक की तलाश की जा रही है।







































