सिटी बिग न्यूज | बरवाला (हिसार)
हिसार जिले के बरवाला थाना क्षेत्र में एक महिला के रहस्यमयी ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। महिला 9 अप्रैल को अपने ससुर के साथ दवाई लेने के लिए हिसार आई थी, लेकिन बरवाला बस स्टैंड से अचानक गायब हो गई। पुलिस ने महिला के ससुर की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश की जा रही है।
मामले की जानकारी देते हुए मिर्चपुर निवासी कृष्ण ने बताया कि वे अपनी पुत्रवधू के साथ सुबह करीब 10 बजे हिसार दवाई लेने के लिए निकले थे। बरवाला बस स्टैंड पर बस का इंतजार करते समय उनकी बहू ने पानी पीने की बात कहकर वहां से थोड़ी दूर चली गई, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटी।
कृष्ण ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन महिला का कोई सुराग नहीं मिला। उन्होंने बताया कि महिला उनके साथ उनका नोकिया मोबाइल फोन भी ले गई थी, जिसका नंबर अब बंद आ रहा है। परिवार वालों को शाम को घटना की जानकारी दी गई, और महिला के मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश भी की गई, लेकिन वह भी बंद मिला।
बाद में परिवार को जानकारी मिली कि जींद जिले के खडवाल गांव निवासी संदीप नामक युवक महिला को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। संदीप का मोबाइल भी स्विच ऑफ है। लापता महिला के बारे में बताया गया है कि उसने संतरे रंग का सलवार-कुर्ता पहन रखा था।
बरवाला पुलिस ने शिकायत के आधार पर धारा 127(6) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने महिला की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी हैं।







































