सिटी बिग न्यूज | हिसार
हरियाणा के हिसार जिले के नारनौंद उपमंडल के गांव बास बादशाहपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां कुछ लोगों ने रात के अंधेरे में एक महिला किसान की पौने 8 एकड़ गेहूं की खड़ी फसल को ट्रैक्टर से कुचलकर नष्ट कर दिया।
पीड़िता प्रमिला ने आरोप लगाया है कि गांव के ही गुरदीप उर्फ गब्बू और उसके मामा राजेश (निवासी: धनाना, भिवानी) समेत 16 लोगों ने उनकी फसल को जानबूझकर बर्बाद किया। प्रमिला के मुताबिक, खेवट नंबर 380/385 में दर्ज यह जमीन प्रमिला और उनके पति के नाम है।
प्रमिला ने बताया कि यह पहली बार नहीं है—इन्हीं आरोपियों पर 5 दिसंबर 2024 को भी फसल को नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज हुआ था।
गंभीर आरोप और पुरानी रंजिश
प्रमिला ने बताया कि उनके पति रामभज पर भी 2 अगस्त 2024 को खेत में हमला किया गया था, जिसमें उनकी टांग टूट गई थी और वह अब तक बिस्तर पर हैं। उनका कहना है कि गुरदीप उर्फ गब्बू उनके परिवार से पुरानी जमीनी रंजिश के चलते बार-बार हमले कर रहा है। प्रमिला का कहना है कि उनके जेठ कृष्ण की 2014 में मृत्यु हो चुकी है और 25 साल पहले ही संपत्ति का बंटवारा हो चुका था।
पुलिस कार्रवाई
बास थाना पुलिस ने 9 अप्रैल को शिकायत मिलने पर जांच की, और आरोपों की पुष्टि होने पर गुरदीप, राजेश व अन्य 15 लोगों के खिलाफ IPC की धारा 324(4), 329(3), 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
प्रमिला ने प्रशासन से सुरक्षा और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हमले न दोहराए जाएं।







































