सिटी बिग न्यूज | हिसार
हरियाणा रोडवेज में कंडक्टर के पद पर कार्यरत हिसार जिले के बरवाला क्षेत्र के गांव हसनगढ़ निवासी गुलाबदीन एक साइबर ठगी का शिकार हो गए हैं। बरवाला पुलिस को दी शिकायत में गुलाबदीन ने बताया कि 3 मार्च 2025 को ड्यूटी के दौरान शाम 6 बजे उन्हें एक अनजान नंबर से 45 हजार रुपए उनके खाते में क्रेडिट होने का मैसेज मिला।
मैसेज पढ़ने से पहले ही उसी नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने रोते हुए बताया कि उसके बेटे के इलाज के लिए रखे 45 हजार रुपए गलती से गुलाबदीन के खाते में ट्रांसफर हो गए हैं और बेटे की हालत गंभीर है। उसने पैसे वापस करने की गुहार लगाई और अपना गूगल पे नंबर 9226469126 शेयर किया।
गुलाबदीन ने ड्यूटी के बीच भावुक होकर दो ट्रांजैक्शन में 20 हजार और 15 हजार रुपए उसके खाते में भेज दिए। जब उसने 10 हजार रुपए और भेजने की कोशिश की, तो खाते में बैलेंस नहीं था। जांच में पता चला कि उनके खाते में 45 हजार रुपए आए ही नहीं थे। तब जाकर गुलाबदीन को एहसास हुआ कि उनके साथ ठगी हुई है।
शिकायत के बाद पुलिस ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर भी मामले की जानकारी दी। PSI विनोद कुमार द्वारा की गई जांच में मामला NCCRP पोर्टल पर दर्ज किया गया और BNS की धारा 318(4) के तहत अपराध पाया गया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और नागरिकों से साइबर अपराध के प्रति सतर्क रहने की अपील की है।







































