सिटी बिग न्यूज | हिसार
बुधवार को हिसार नगर निगम की विशेष बजट बैठक में 2025-26 के लिए 365 करोड़ रुपए का बजट पेश किया गया। खास बात यह रही कि निगम की साल 2024 में आमदनी महज 248 करोड़ रुपए रही, जबकि खर्च इससे 100 करोड़ से अधिक है। यानी खर्च, आमदनी के मुकाबले दोगुना है। यह बजट पिछले वर्ष की तुलना में 57 करोड़ ज्यादा है।
इस बार नगर निगम ने पहली बार कुत्तों, बंदरों और गोवंश के लिए अलग से बजट का प्रावधान किया है। इसमें कुत्तों के टीकाकरण पर 70 लाख, बंदर पकड़ने पर 2 करोड़ और गोवंश की देखभाल के लिए 5 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। कुल मिलाकर जानवरों के कल्याण पर लगभग 7.75 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
बजट बैठक की अध्यक्षता मेयर प्रवीण पोपली ने की और निगम के अकाउंटेंट अशोक नेहरा ने बजट प्रस्तुत किया। पार्षदों से राय लेकर उसे शहरी स्थानीय निकाय विभाग, हरियाणा के माध्यम से सरकार को भेजा जाएगा।
बैठक की शुरुआत मेयर प्रवीण पोपली के स्वागत से हुई और कमिश्नर नीरज ने सभी पार्षदों का परिचय लिया। सभी वार्डों के पार्षद बैठक में उपस्थित रहे, हालांकि वार्ड 10, 11 और 18 के पार्षद थोड़ी देरी से पहुंचे।
बजट मीटिंग में बताया गया कि 2024-25 में प्रॉपर्टी टैक्स से 21.49 करोड़ और अन्य टैक्स (फायर टैक्स व एम-टैक्स) से कुल 32.48 करोड़ की आय हुई। हालांकि 42.50 करोड़ के लक्ष्य को निगम पूरा नहीं कर सका। अब 2025-26 में 46.50 करोड़ का टैक्स लक्ष्य रखा गया है।
👥 उपस्थित पार्षदों की सूची:
सरोज जैन (वार्ड 1), मोहित नरेश सिंघल (2), ज्योति वर्मा (3), हरि सिंह सैनी (4), भीम महाजन (5), उषा (6), मनोहर लाल वर्मा (7), रवि सैनी (8), शीला देवी (9), साक्षी बीजड़ (10), नरेश ग्रेवाल (11), जगमोहन मित्तल (12), संजय डालमिया (13), डॉ. सुमन यादव (14), संतोष सैनी (15), राजेंद्र बिड़लान (16), राजेश अरोड़ा (17), गुलाब सिंह (18), सत्यवान पानू (19), नवीन कुमार (20)।







































