सिटी बिग न्यूज | हिसार-बरवाला
हिसार जिले के बरवाला से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नर्स और हांसी निवासी युवक रहस्यमय तरीके से लापता हो गए हैं। दोनों के परिवारों ने पुलिस को शिकायत दी है, जिसके बाद बरवाला थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस को दोनों के बारे में कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है।
जानकारी के अनुसार, गांव पाबड़ा निवासी बजिंद्र सिंह की बेटी 7 अप्रैल की सुबह करीब 9 बजे अपनी ड्यूटी के लिए क्लिनिक जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वह वहां नहीं पहुंची। परिजनों को हांसी से एक अज्ञात महिला का फोन आया, जिसने लड़की के बारे में पूछताछ की। जब परिजन क्लिनिक पहुंचे, तो पता चला कि बेटी वहां नहीं पहुंची थी।
हांसी पहुंचने पर परिजनों को पता चला कि फोन करने वाली महिला का बेटा बिनेश भी उसी दिन से लापता है। बिनेश ने घर से यह कहकर निकला था कि वह बरवाला में किसी फॉर्म को भरवाने जा रहा है। विशेष बात यह है कि लापता नर्स और युवक पहले एक साथ एक ही संस्थान में कार्य कर चुके हैं। इससे यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि दोनों मामलों का आपस में कोई संबंध हो सकता है।
परिजनों ने 8 अप्रैल को बरवाला थाने में शिकायत दर्ज कराई है। नर्स का हुलिया गोरा रंग, साफ नाक और होंठों पर साई का निशान बताया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 127(6) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिवारों को आशंका है कि दोनों के साथ कोई अनहोनी हो सकती है। पुलिस दोनों की तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है।




































