सिटी बिग न्यूज | हिसार-हांसी
हिसार जिले के हांसी क्षेत्र में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। यह हादसा हांसी के नजदीकी गांव हाजमपुर के पास हुआ, जब उनकी कार एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार युवक वाहन के अंदर ही फंस गए। स्थानीय लोगों की मदद से खिड़कियां तोड़कर उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
मृतकों की पहचान 22 वर्षीय मंजीत निवासी गांव ढाणा खुर्द और 30 वर्षीय नवीन निवासी गांव घंगाला (सिवानी) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों अच्छे दोस्त थे और पिछले छह महीनों से हांसी में एक किराए की दुकान में कंप्यूटर रिपेयरिंग का काम कर रहे थे। लेकिन उन्हें यह काम पसंद नहीं आ रहा था।
बुधवार को नवीन दुकान का सामान लेकर अपने गांव लौट रहा था। वह खेती-बाड़ी करता था और दो बच्चों का पिता था। उसकी शादी 2020 में हांसी के नजदीकी गांव पुट्ठी मंगल खां में हुई थी। वहीं, मंजीत अविवाहित था और अपनी दो बहनों का इकलौता भाई था।
बोहल गांव के युवक राजसिंह ने बताया कि वह हांसी से अपने गांव लौट रहा था, तभी उसने सड़क किनारे दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी देखी। स्थानीय लोगों के साथ मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को बाहर निकाला गया और हांसी के सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टि में यह हादसा ओवरटेक करने की कोशिश के दौरान हुआ लगता है। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है। शवों को हांसी के शवगृह में रखा गया है और पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।







































