सिटी बिग न्यूज | हिसार
सोमवार सुबह हिसार जिले के ढंडूर पुल के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक कार और ऑटो की आमने-सामने टक्कर में 13 लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत नागरिक अस्पताल हिसार में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी।
घायलों की पहचान
कार में सवार झुंझुनूं निवासी माया उर्फ मेवा और उनकी बहन सुमित्रा घायल हुई हैं। वहीं ऑटो में बैठे पीपलथला निवासी सरोज, आशा, गुरप्रीत, राकेश, तीन महीने का अनमोल, महफिल, केलो देवी और सिमरन घायल हुए। इसके अलावा नचार खेड़ा निवासी राजकुमार, डूमरखां के अमन और फुले के अमन को भी चोटें आई हैं।
हादसे से अस्पताल की व्यवस्था प्रभावित
घटना की जानकारी मिलते ही नागरिक अस्पताल की सीएमओ मौके पर पहुंचीं। घायलों की संख्या अधिक होने के कारण अस्पताल की व्यवस्था प्रभावित हुई और डॉक्टरों को इमरजेंसी वार्ड के बाहर तक इलाज करना पड़ा।
घायल केलो देवी ने बताया कि वे अमरपुरा, राजस्थान में धोक लगाने के बाद परिवार सहित ऑटो से लौट रहे थे। सुबह करीब 8 बजे यह हादसा हुआ।
कार में सवार सुमित्रा ने बताया कि वे जालंधर से झुंझुनूं लौट रहे थे। ढंडूर पुल के पास ऑटो गलत दिशा से आ गया और टक्कर हो गई। सभी घायल फिलहाल नागरिक अस्पताल में इलाजरत हैं।







































