सिटी बिग न्यूज | हिसार
जिले में लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। महाबीर कॉलोनी निवासी विनोद कुमार के साथ तीन युवकों ने लिफ्ट के बहाने लूटपाट की। घटना 6 मार्च की रात करीब 10:15 बजे की है जब विनोद अपनी बाइक पर हिसार से चिकनवास की ओर जा रहे थे।
रास्ते में चिकनवास के पास एक पेट्रोल पंप के आगे तीन युवक बाइक पर आए और उनमें से एक ने विनोद से लिफ्ट मांगी। विनोद ने युवक की मदद करते हुए उसे बाइक पर बैठा लिया। कुछ दूर चलने के बाद पीछे बैठे युवक ने विनोद की गर्दन पकड़कर उन्हें बाइक से गिरा दिया। तभी बाकी दोनों युवक भी मौके पर पहुंच गए।
तीनों ने मिलकर विनोद को पास की झाड़ियों में ले जाकर मारपीट की और उनकी जेब से 5 हजार रुपये, मोबाइल और अन्य सामान लूट लिया। बदमाशों ने चाकू मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। अंधेरा होने की वजह से विनोद बदमाशों की बाइक का नंबर नहीं देख पाए।
पीड़ित ने अग्रोहा थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात तीन युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







































