सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिसार के कैंट क्षेत्र में एक फिजियोथेरेपी सेंटर चलाने वाली महिला पर उसके पति ने हॉकी से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना 5 मार्च की रात करीब 8:30 बजे उस समय हुई, जब महिला कुलेरी गांव के बस स्टैंड पर एक दुकान से सामान खरीद रही थी।
पीड़िता के अनुसार, उसका पति सतवीर बीते कुछ समय से उस पर गलत शक कर रहा था। इसी को लेकर 2 मार्च को दोनों के बीच घर पर झगड़ा हुआ था, जिसकी शिकायत पीड़िता ने पहले ही थाना अग्रोहा में दर्ज करवा दी थी।
बताया गया कि झगड़े के कुछ दिन बाद, सतवीर अचानक बस स्टैंड पर हॉकी लेकर पहुंचा और पीछे से महिला की टांगों पर कई बार वार किया। जब वह जान बचाकर भागने लगी, तो आरोपी ने उसका रास्ता रोककर कंधे पर भी हमला किया और जान से मारने की धमकी दी।
महिला की चीखें सुनकर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए, जिन्हें देखकर आरोपी पति मौके से अपनी गाड़ी में फरार हो गया। घायल पीड़िता को उसके चचेरे भाई ने तुरंत अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
फिलहाल पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश की जा रही है।







































