सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिसार जिले के बरवाला थाना क्षेत्र के गांव बोबुआ से एक 20 वर्षीय विवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। महिला अपने पति के साथ गांव बनभौरी स्थित माता मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए आई थी, जहां से वह अचानक गायब हो गई।
गांव बोबुआ निवासी राजबीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे वह अपनी पत्नी के साथ बनभौरी मंदिर दर्शन के लिए गया था। दर्शन के बाद उसकी पत्नी बिना कुछ बताए कहीं चली गई। राजबीर ने तुरंत मंदिर परिसर और आस-पास के क्षेत्रों में तलाश की तथा माइक के माध्यम से अनाउंसमेंट भी करवाया, लेकिन कोई पता नहीं चला।
महिला अपना मोबाइल फोन भी राजबीर के पास ही छोड़ गई थी, जिससे संपर्क करना संभव नहीं हो पाया। राजबीर के अनुसार, उसकी पत्नी का रंग गोरा, चेहरा गोल, कद 5 फीट और शरीर मजबूत है। घटना के समय वह गुलाबी रंग का सलवार-कुरता पहने हुई थी।
बरवाला पुलिस ने राजबीर की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 127(6) के तहत केस दर्ज कर लिया है और महिला की तलाश शुरू कर दी गई है।
🔍 पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को इस महिला के बारे में कोई जानकारी मिले, तो तुरंत नजदीकी थाने में संपर्क करें।







































