सिटी बिग न्यूज | हिसार
ऑटो मार्केट में मंगलवार शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां मरम्मत के पैसे मांगने गए मिस्त्री को कार चालक ने टक्कर मार दी और उसे कार के बोनट पर करीब 200 मीटर तक घसीटता रहा। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पुलिस ने आरोपी प्रदीप के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मिस्त्री सतबीर अपने बेटे अनिल के साथ दुकान नंबर 64 के सामने मौजूद थे। इसी दौरान मॉडल टाउन निवासी प्रदीप तेज रफ्तार से कार लेकर आया और सतबीर को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद सतबीर कार के बोनट पर गिर गए। आरोपी ने गाड़ी नहीं रोकी और लगभग 200 मीटर तक उन्हें घसीटता रहा। बाद में एक मोड़ पर उन्हें गिराकर फरार हो गया।
घायल सतबीर को नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सतबीर ने बताया कि प्रदीप को कार मरम्मत के लगभग 5 लाख रुपये देने थे। उसने पहले कार मरम्मत करवाई थी, लेकिन बाद में बिना पैसे दिए सेक्टर 14 से डुप्लीकेट चाबी से गाड़ी लेकर चला गया।
पुलिस ने आरोपी प्रदीप के खिलाफ आईपीसी की धारा 125 और 281 के तहत केस दर्ज किया है और जांच जारी है।







































