सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिसार जिले के हांसी के गांव सोरखी में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 36 वर्षीय फोटोग्राफर अरुण की मौत हो गई। वह मुंढाल गांव में एक एनिवर्सरी फंक्शन की फोटोग्राफी के लिए गया था। वापसी में अज्ञात वाहन की टक्कर से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन वहां नहीं था, जिससे दुर्घटना रहस्यमयी बनी हुई है।
परिवार के अनुसार, अरुण का भाई दीपक रात करीब 10 बजे किसी के फोन पर सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचा, जहां उसने अरुण को बेसुध हालत में पड़ा पाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अरुण की एक बेटी है और उसकी पत्नी 8 महीने की गर्भवती है, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस हादसे की गहराई से जांच कर रही है और अज्ञात वाहन चालक की तलाश जारी है।




































