सिटी बिग न्यूज | हिसार
हरियाणा के महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे पर बीएंडआर (B&R) द्वारा किए गए कार्यों को लेकर सरकार ने रिपोर्ट तलब की है। हिसार के डीसी ने बीएंडआर से एयरपोर्ट वर्क की पूरी डिटेल रिपोर्ट मांगी, जिसके जवाब में विभाग ने लिखित रिपोर्ट सौंप दी।
बीएंडआर ने साफ किया कि एयरपोर्ट पर बाउंड्री वाल के निर्माण में 180 करोड़ रुपए खर्च होने का दावा निराधार है। विभाग के अनुसार, बाउंड्री वाल पर केवल 22 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं, जबकि एयरपोर्ट पर कुल 185 करोड़ रुपए के 12 अन्य कार्य किए गए हैं।
रिपोर्ट में बीएंडआर ने बताया कि एयरपोर्ट पर सभी कार्य एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) के मानकों के अनुरूप किए गए हैं, और यह टेंडर में स्पष्ट रूप से उल्लेखित है। विभाग ने मीडिया में आई रिपोर्ट को भ्रामक करार दिया।
जंगली जानवरों से सुरक्षा के लिए बाउंड्री वाल मजबूत
बीएंडआर के एसई अजीत सिंह ने कहा कि बाउंड्री वाल की नींव एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की गाइडलाइंस के तहत बनाई गई है। जंगली जानवरों के घुसपैठ को रोकने के लिए कुछ जगहों पर दीवार की नींव को अतिरिक्त मजबूती दी गई है।
https://www.facebook.com/reel/2714364458951429
14 अप्रैल को पीएम मोदी दिखाएंगे हरी झंडी
14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिसार एयरपोर्ट से पहली उड़ान को हरी झंडी दिखाएंगे। पहली फ्लाइट अयोध्या के लिए रवाना होगी, इसके बाद जम्मू, जयपुर, चंडीगढ़, दिल्ली और अहमदाबाद के लिए उड़ानें शुरू होंगी। 28 मार्च को AAI ने हिसार एयरपोर्ट को उड़ान का लाइसेंस जारी किया था।




































