सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिसार पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नशा तस्करी में लिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। शास्त्री नगर क्षेत्र से पकड़े गए आरोपी के पास से 20 किलो 412 ग्राम गांजा बरामद किया गया। आरोपी ने अपनी पहचान चारकुतुब हांसी निवासी नरेंद्र कुमार के रूप में बताई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।
ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तलाशी
गश्त के दौरान पुलिस उप निरीक्षक प्रदीप कुमार ने शास्त्री नगर की गली नंबर 5 में एक सफेद स्कॉर्पियो को रोका। ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तलाशी के दौरान गाड़ी के नीचे बनाई गई विशेष जगह से 9 पैकेट और 2 पॉलिथीन बैग में गांजा बरामद हुआ। आरोपी के पास से 2 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
गहन जांच जारी, रिश्तेदार के साथ करता था तस्करी
पुलिस ने स्कॉर्पियो और मोबाइल फोन को जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी अपने रिश्तेदार के साथ मिलकर नशीले पदार्थों की तस्करी करता था। फिलहाल, पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।







































