सिटी बिग न्यूज | हिसार
हरियाणा की पूर्व वर्ल्ड चैंपियन बॉक्सर स्वीटी बूरा और उनके पति व कबड्डी खिलाड़ी दीपक हुड्डा के बीच विवाद गहराता जा रहा है। दहेज उत्पीड़न के आरोपों पर दीपक के वकील सागर पंघाल ने जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि दीपक 2014 में प्रो-कबड्डी लीग में दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी थे, जबकि स्वीटी ने दावा किया था कि वह इतना गरीब था कि तसले में नहाता था।
वकील ने यह भी बताया कि दोनों 2015 से रिलेशनशिप में थे और शादी से पहले लिव-इन में भी रहे। अगर दीपक को लड़कों में दिलचस्पी होती, तो स्वीटी यह बात अब क्यों कह रही हैं? वकील का कहना है कि दीपक ने स्वीटी से रिश्ते बचाने की कोशिश की थी और वेलेंटाइन डे पर गिफ्ट भी लेकर गए थे, लेकिन स्वीटी ने उन्हें स्वीकार नहीं किया।
स्वीटी ने दीपक पर दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कराया है, जबकि दीपक ने रोहतक में प्रॉपर्टी हड़पने की FIR दर्ज करवाई है। वकील का कहना है कि दीपक ने हिसार में खरीदे प्लॉट की पूरी कीमत चुकाई, लेकिन रजिस्ट्रेशन दोनों के नाम कर दिया गया।
विवाद बढ़ने के बाद पुलिस ने दोनों को पूछताछ के लिए बुलाया। इसी दौरान हिसार महिला थाने में दीपक हुड्डा से मारपीट का मामला सामने आया, जिस पर स्वीटी बूरा के खिलाफ एक और FIR दर्ज हुई।
दीपक के वकील ने कहा कि विवाद के कारण दीपक डिप्रेशन में चले गए थे और उनके मन में आत्महत्या के विचार भी आए थे। दोस्तों ने उन्हें संभाला और समझाया।







































