सिटी बिग न्यूज | हिसार
पुलिस की प्रताडऩा की शिकार अनुसूचित जाति की महिला रेखा के कल सिटी थाना के डीएसपी द्वारा बयान लिए जाने के बाद भी पीडि़ता की शिकायत अभी तक दर्ज नहीं होने से अनुसूचित जाति के विभिन्न संगठनों में भारी रोष है।
कल जय भीम आर्मी ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी थी कि यदि बयान दर्ज होने के 24 घंटे के अंदर मुकदमा दर्ज नहीं हुआ तो विभिन्न संगठन बड़ा आंदोलन छेड़ देंगे। इसी के चलते विभिन्न संगठनों ने आज सिविल अस्पताल परिसर में एकजुट होकर कल कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा का घेराव करने का निर्णय लिया।
सभी सगंगठनों के लोग 28 मार्च को 10 बजे क्रांतिमान पार्क में इकट्ठा होकर मंत्री रणबीर गंगवा के आवास की ओर रवाना होंगे। इन संगठनों में जय भीम आर्मी, भीम आर्मी, बहुजन समाज पार्टी आदि शामिल थे जिसमें जय भीम आर्मी की ओर से चेयरमैन संजय चौहान, प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप भानखड़, सुनील चौहान प्रदेश राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, प्रदीप राजौरिया जोन प्रभारी, अभिषेक प्रजापति जोन प्रभारी, बहुजन समाज पार्टी के जिला प्रधान रामफल बौद्ध, बलबीर मुंडे जोन प्रभारी बसपा तथा भीम आर्मी की ओर से संतलाल अंबेडकर व जयबीर गोदारा जिला सचिव सहित अनेक संगठनों के लोग मौजूद रहे।
जय भीम आर्मी के चेयरमैन संजय चौहान ने बताया कि बुधवार को सिटी डीएसपी सुनील कुमार पीडि़त महिला के बयान लेने के लिए आए थे। अपने बयानों में महिला ने पुलिस कर्मियों द्वारा उसे प्रताडि़त करने की रौंगटे खड़े कर देने वाली दास्तां बताई।
पुलिस ने जिस तरह से अमानवीय व्यवहार करते हुए महिला की गिरफ्तारी व उससे पूछताछ के मामले में सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की खुली उल्लंघना की है वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और इस मामले में महिला को न्याय मिलना जरूरी है।
संजय चौहान ने उन्होंने पुलिस प्रशासन को चेताया था कि पीडि़ता के बयान दर्ज हो चुके हैं यदि अब भी 24 घंटे के भीतर पुलिस आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके कार्यवाही नहीं करती तो सभी संगठन मिलकर बड़ा आंदोलन करेंगे जिसके बाद अब केबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा का घेराव करने का फैसला लिया गया।







































