सिटी बिग न्यूज | नई दिल्ली
समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद रामजी लाल सुमन के राजपूत राजा राणा सांगा पर दिए गए बयान को लेकर शुक्रवार को संसद में जमकर हंगामा हुआ। भाजपा सांसदों ने सुमन के बयान की कड़ी निंदा करते हुए उनसे माफी की मांग की। राज्यसभा में भाजपा सांसदों ने नारेबाजी करते हुए कार्यवाही 30 मिनट के लिए स्थगित कर दी। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी इस बयान को अपमानजनक बताया।
लोकसभा में भी यह मुद्दा गरमाया। भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा, “राणा सांगा भारत की विरासत हैं। उनका त्याग और बलिदान हमें गौरवान्वित करता है। उनके बारे में हल्की बातें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।” भाजपा सांसद राव राजेंद्र सिंह ने भी सपा सांसद के बयान की कड़ी आलोचना की।
हाल में सपा सांसद रामजी लाल सुमन ने राज्यसभा में चर्चा के दौरान राणा सांगा को ‘गद्दार’ बताया था, जिन्होंने बाबर को इब्राहिम लोदी के खिलाफ आमंत्रित किया था। इस बयान पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी और कहा, “शिवाजी हों या राणा सांगा, उनका अपमान सहन नहीं किया जाएगा।”
सदन में बढ़ते विवाद के बीच पीठासीन सभापति जगदंबिका पाल ने कार्यवाही एक घंटे के लिए स्थगित कर दी।







































