सिटी बिग न्यूज | हिसार
हरियाणा सरकार ने हिसार के जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) प्रदीप नरवाल को भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते उनकी सेवानिवृत्ति से चार दिन पहले ही निलंबित कर दिया। 31 मार्च को रिटायर होने वाले DEO ने अपनी रिटायरमेंट पार्टी पहले से तय कर रखी थी, लेकिन निलंबन के बाद उन्होंने इसे रद्द कर दिया।
DEO ने दो दिन पहले शिक्षा विभाग के अधिकारियों को रिटायरमेंट पार्टी के लिए आमंत्रण भेजा था, जो आज ऑफिस में होनी थी। इसके अलावा, उन्होंने हिसार के गोबिंद पैलेस में भी एक बड़ी पार्टी प्लान की थी, जो अब रद्द हो सकती है।
व्हाट्सऐप स्टेटस पर दी जानकारी
DEO प्रदीप नरवाल ने अपने निलंबन और पार्टी रद्द होने की जानकारी अपने व्हाट्सऐप स्टेटस के जरिए साझा की। सरकार ने उनके करीबी क्लर्क राजेश को भी निलंबित कर दिया है। बताया जा रहा है कि क्लर्क राजेश निजी स्कूलों के रिकॉर्ड का जिम्मेदार था और भ्रष्टाचार में उसकी अहम भूमिका थी।
रिश्वतखोरी का मामला ऐसे खुला
सूत्रों के मुताबिक, DEO स्कूलों को मान्यता देने के बदले 12 लाख रुपये की रिश्वत मांगता था। मामला तब उजागर हुआ जब RSS से जुड़े एक स्कूल संचालक से उसने घूस की मांग की। पैसे न देने पर DEO ने 29 कमरों वाले स्कूल को केवल 18 कमरों का दिखाया। शिकायत मुख्यमंत्री नायब सैनी तक पहुंची, जिसके बाद कार्रवाई की गई।
ऑडियो क्लिप बनी सबूत
आरोपों की पुष्टि के लिए प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को एक ऑडियो सौंपा, जिसमें DEO पैसे की मांग कर रहा था। इसी ऑडियो के आधार पर मुख्यमंत्री सैनी ने DEO के निलंबन के आदेश जारी कर दिए और विजिलेंस जांच शुरू कर दी गई।
हालांकि, DEO प्रदीप नरवाल का कहना है कि उन्हें अब तक सस्पेंशन के आधिकारिक आदेश नहीं मिले हैं।





































