सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिसार की पूर्व वर्ल्ड चैंपियन बॉक्सर स्वीटी बूरा की तबीयत बुधवार को अचानक बिगड़ गई। उन्हें पैनिक अटैक आने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्वीटी ने खुद सोशल मीडिया के जरिए अपनी हालत की जानकारी दी। इससे पहले, 23 मार्च को भी उन्हें तेज बुखार आया था, जिसके चलते उन्होंने 24 मार्च को रोहतक IG से मुलाकात का कार्यक्रम रद्द कर दिया था।
थाने में पति से हुई मारपीट, वीडियो वायरल
24 मार्च को स्वीटी बूरा और उनके पति दीपक हुड्डा के बीच हिसार पुलिस थाने में हुई झड़प का वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में देखा गया कि पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद स्वीटी ने दीपक का गला दबाया और झिंझोड़ दिया। पुलिसकर्मियों ने दीपक को छुड़ाया, लेकिन स्वीटी लगातार गुस्से में उन पर चिल्लाती रहीं।
वीडियो वायरल होने के बाद हिसार पुलिस ने स्वीटी बूरा पर मारपीट का केस दर्ज किया। वीडियो में महिला थाने की ASI दर्शना, दीपक हुड्डा के वकील सागर, और दोनों पक्षों के अन्य लोग मौजूद थे।
स्वीटी का आरोप- ‘मुझे जानबूझकर हिंसात्मक दिखाया जा रहा’
इस घटना के बाद स्वीटी ने सोशल मीडिया लाइव आकर कहा कि उन्हें जानबूझकर हिंसात्मक दिखाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने हिसार SP पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा,
“जो वीडियो वायरल किया गया है, उसमें से अहम हिस्से काटे गए हैं। जो शुरुआत और अंत में हुआ, उसे हटा दिया गया है। वहां दीपक हुड्डा मुझे अपशब्द कह रहे थे और मैंने उसी का विरोध किया था। बाद में मुझे पैनिक अटैक आया, लेकिन वह वीडियो में नहीं दिखाया गया। इससे साफ है कि इस केस में हिसार SP और दीपक मिले हुए हैं।”
‘अगर मैं इतनी बुरी हूं तो दीपक मुझे तलाक क्यों नहीं देते?’
स्वीटी ने कहा कि वह सिर्फ तलाक चाहती हैं, लेकिन दीपक हुड्डा इसे देने से इंकार कर रहे हैं। उन्होंने भावुक होकर कहा,
“अगर मैं इतनी बुरी हूं तो दीपक मुझे तलाक क्यों नहीं दे देते? मैंने न कोई संपत्ति मांगी, न पैसा, यहां तक कि जो मेरा पैसा उन्होंने खाया, वह भी नहीं मांग रही। मैंने सिर्फ यही कहा कि मुझे तलाक दे दो, मुझे और कुछ नहीं चाहिए।”
परिवार पर झूठे आरोप लगाने का दावा
स्वीटी बूरा ने आरोप लगाया कि दीपक हुड्डा ने झूठी FIR दर्ज करवाई, जिसमें उनके पिता और मामा का भी नाम लिखा गया है। उन्होंने कहा,
“वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि मेरे पापा और मामा तो दीपक के पास तक नहीं गए, बल्कि वे मुझे ही रोकने की कोशिश कर रहे थे। फिर भी दीपक ने झूठा मेडिकल करवाकर उन्हें FIR में फंसा दिया। हिसार SP भी इसमें शामिल हैं।”
मामले ने पकड़ा तूल, जांच की मांग
स्वीटी बूरा और दीपक हुड्डा के बीच विवाद अब गंभीर होता जा रहा है। स्वीटी ने निष्पक्ष जांच की मांग की है। उधर, पुलिस ने इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।







































