सिटी बिग न्यूज | हिसार
हरियाणा के हिसार जिले के आदमपुर के चौधरीवाली गांव में एक बायो डीजल टैंकर में भीषण आग लग गई। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चला है, लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टैंकर के पास धूम्रपान करने से यह हादसा हुआ। आग की सूचना मिलते ही आदमपुर, भट्टू और हिसार से दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
ग्रामीणों ने भी आग बुझाने के लिए जेसीबी की मदद से मिट्टी डालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इस घटना से इलाके के पेट्रोल पंप संचालकों में दहशत फैल गई, क्योंकि आग के नजदीक ही इंडियन ऑयल का पेट्रोल पंप और बायो डीजल का गोदाम था। अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।







































