सिटी बिग न्यूज | हिसार
हांसी-बरवाला रोड पर स्थित गांव भाटला के पास पुलिस ने 10 किलो से अधिक चूरा पोस्त बरामद किया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रक में बड़ी मात्रा में डोडा पोस्त ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर हांसी पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने नाकेबंदी कर जांच शुरू की।
जब हांसी की ओर से एक ट्रक आता दिखाई दिया, तो पुलिस ने उसे रोकने का इशारा किया। ट्रक ड्राइवर बिट्टू, निवासी हरयाऊ (जिला संगरूर, पंजाब), ने ट्रक रोक दिया। जांच में पता चला कि वह इंदौर से तरबूज लोड कर लुधियाना जा रहा था।
तिरपाल के नीचे छुपाया था नशा
पुलिस ने जब ट्रक के केबिन की तलाशी ली, तो वहां से एक पैकेट नशीला पदार्थ मिला। शक होने पर पुलिस ने ट्रक में लदे तरबूज हटाए, तो तिरपाल के नीचे छिपाकर रखी गई 16 पैकिंग मिलीं, जिनमें चूरा पोस्त भरा था। तहसीलदार अनिल कुमार की मौजूदगी में जब इनका वजन किया गया, तो यह 10 किलो से अधिक निकला।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी से पूछताछ जारी है, जिससे नशे की सप्लाई चेन का पता लगाया जा सके।







































