सिटी बिग न्यूज | हिसार
बरवाला के मेन बाजार में श्री महादेव ज्वेलर्स की दुकान में बुधवार तड़के अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी को अंजाम दिया। चोरों ने सुबह करीब 3:30 बजे दुकान का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और गोदरेज कंपनी की अलमारी उठाकर फरार हो गए। अलमारी में करीब 4 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
दुकान मालिक सतीश सोनी को सुबह 4 बजे अन्य दुकानदारों ने चोरी की सूचना दी। जब उन्होंने सीसीटीवी फुटेज चेक किया तो दो युवक लोहे की रॉड से ताले तोड़ते हुए नजर आए। चोरों ने अलमारी को बाइक पर रखकर फरार हो गए।
खाली स्टेडियम में मिली टूटी अलमारी
बाद में सूचना मिली कि चोरी की गई अलमारी बरवाला के खरखड़ा रोड स्थित एक खाली स्टेडियम में पड़ी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी और फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश जारी है।
व्यापारियों ने सुरक्षा बढ़ाने की मांग की
दुकान मालिक ने प्रशासन से जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार कर सामान बरामद करने की अपील की है। स्थानीय व्यापारियों ने बाजार में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की है। पुलिस ने आमजन से भी घटना से जुड़ी कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत सूचित करने की अपील की है।







































