सिटी बिग न्यूज | हांसी
हिसार जिले के नारनौंद में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। जींद-हांसी रोड पर गांव राजथल के पास तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में 59 वर्षीय सुरेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पोते विवेक को मामूली चोटें आईं। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
डंपर ने अचानक मारा कट, सिर पर चढ़ा पहिया
सुरेंद्र अपने पोते विवेक के साथ दादी गौरी मंदिर, गांव बुरे बाढ्या से अपने गांव ईटल खुर्द लौट रहे थे। राजथल नाका के पास सामने से आ रहे डंपर ने अचानक कट मारा, जिससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर गिर गए। डंपर का टायर सुरेंद्र के सिर पर चढ़ गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
डंपर ड्राइवर फरार, पुलिस ने शुरू की जांच
विवेक ने डंपर का नंबर नोट कर परिजनों को सूचना दी। दोनों को नागरिक अस्पताल, नारनौंद ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सुरेंद्र को मृत घोषित कर दिया। विवेक को प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया। पुलिस ने अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सुरेंद्र का पोस्टमॉर्टम नागरिक अस्पताल हांसी में किया जाएगा।







































