सिटी बिग न्यूज | हिसार
पूर्व मंत्री रणजीत चौटाला ने हिसार में PWD रेस्ट हाउस में वर्करों की बैठक ली और एक-एक कार्यकर्ता से मुलाकात की। बैठक में कई वर्करों को मंच से बोलने का मौका भी मिला। कार्यकर्ताओं ने रणजीत चौटाला से कहा कि “आप हिसार लोकसभा में हारकर भी जीत गए हैं।”
जाट समुदाय ने दिया खुला समर्थन
रणजीत चौटाला को हिसार से 5 लाख 30 हजार वोट मिले, जो कि एक प्रभावशाली आंकड़ा है। वर्करों ने कहा कि यह धारणा गलत है कि जाट समुदाय बीजेपी को वोट नहीं देता। हिसार में जाटों ने खुलकर रणजीत चौटाला का समर्थन किया। आंकड़ों के अनुसार, 4 लाख वोट जाट समुदाय से मिले, जबकि 1 लाख 30 हजार वोट बीजेपी समर्थकों से आए।
पेटवाड़ के सरपंच ने बैठक में कहा कि अगर रणजीत चौटाला जीतते तो उन्हें केंद्र में मंत्री बनने का मौका मिलता और इससे हिसार का विकास तेज़ी से होता। उन्होंने कहा, “ऐसे लोग बहुत कम मिलते हैं, जो हार के बाद भी जनता के बीच खड़े रहते हैं।”
रणजीत चौटाला का बड़ा ऐलान – हर दूसरे महीने आएंगे हिसार
रणजीत चौटाला ने मंच से कहा, “मेरे एक बुलावे पर इतनी भीड़ जुटी, इससे साफ है कि आज भी मुझे उतना ही प्यार मिलता है। मैंने सरकार में रहते हुए जो भी संभव था, जनता के लिए किया। यह भीड़ ही मेरी असली पूंजी है।”
उन्होंने आगे कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान मोदी लहर थी, लेकिन फिर भी उन्हें 5 लाख 30 हजार वोट मिले। उन्होंने ऐलान किया कि हर दूसरे महीने की 5 तारीख को वे हिसार आते रहेंगे।







































