सिटी बिग न्यूज | हिसार
हरियाणा माटी कला बोर्ड के चेयरमैन और भाजपा नेता ईश्वर सिंह मालवाल का शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में निधन हो गया।
रविवार दोपहर 1 बजे उनका अंतिम संस्कार हिसार जिले के बरवाला हलके स्थित पैतृक गांव ढाणी खान में किया गया। नम आंखों से उनके बेटे ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा, विधायक रणधीर सिंह पनियार, पूर्व मंत्री अनूप धानक सहित आसपास के गांवों से भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।
हादसा उस समय हुआ जब ईश्वर मालवाल गोहाना से लाखनमाजरा होते हुए हिसार जा रहे थे। गांव बैसी के पास एक पेट्रोल पंप के नजदीक उनकी कार सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मालवाल की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद उनकी कार खेतों में जा घुसी, जबकि ट्रक पलट गया। हादसे के बाद से ट्रक चालक फरार है। पुलिस ट्रक के नंबर और दस्तावेजों के आधार पर ड्राइवर की तलाश कर रही है।
ईश्वर मालवाल तीन बच्चों के पिता थे। हाल ही में उनकी पत्नी को लेक्चरर पद पर नियुक्ति मिली थी। उनके निधन की खबर मिलते ही हिसार और रोहतक से मंत्री और नेता रोहतक PGI पहुंचे, जहां पोस्टमॉर्टम कराया गया। भाजपा नेता रणबीर गंगवा ने परिजनों को ढांढस बंधाया और कहा कि पार्टी परिवार के साथ है।
मालवाल अक्टूबर 2019 में कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए थे और पार्टी के ओबीसी मोर्चा में जिला अध्यक्ष रहे। 5 जुलाई 2023 को उन्हें माटी कला बोर्ड का चेयरमैन नियुक्त किया गया था। उन्हें यह जिम्मेदारी उनके करीबी माने जाने वाले रणबीर गंगवा की सिफारिश पर मिली थी।







































