सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिसार पुलिस की नशा निरोधक टीम ने शुक्रवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 261 ग्राम हेरोइन के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी ने नशीला पदार्थ पैरों पर पैंट के नीचे टेप से चिपका रखा था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
टीम प्रभारी उप निरीक्षक इंदर सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सिरसा चुंगी से एक व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम साहिल प्रीत सिंह (निवासी फिरोजपुर, पंजाब) बताया। पुलिस उप अधीक्षक सुनील कुमार की मौजूदगी में जब आरोपी की तलाशी ली गई तो उसके पैरों पर पैंट के नीचे टेप से एक पॉलिथीन चिपकाई हुई मिली, जिसमें 261 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी यह हेरोइन पंजाब से लेकर आया था और हिसार के गांव पीरावली में सप्लाई करने वाला था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना शहर हिसार में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की पूछताछ जारी है। आरोपी को शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा।







































