सिटी बिग न्यूज | चंडीगढ़
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, पूर्व केंद्रीय मंत्री और सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा ने किसानों की हालत पर गंभीर चिंता जताते हुए केंद्र और पंजाब सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याएं सुलझाने के बजाय सरकारें उनके साथ धोखा कर रही हैं।
कुमारी सैलजा ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार पंजाब सरकार के साथ मिलकर किसानों को अलग-थलग करने और जबरन आंदोलन खत्म करवाने की साजिश कर रही है।
उन्होंने कहा कि जो आम आदमी पार्टी कल तक किसान आंदोलन की हिमायती थी, वही अब पंजाब में किसान नेताओं की गिरफ्तारी कर आंदोलन को कुचलने का प्रयास कर रही है।
कांग्रेस नेता ने पंजाब पुलिस द्वारा किसान नेताओं जगजीत सिंह डल्लेवाल और सरवन सिंह पंधेर की हिरासत को निंदनीय करार दिया। उन्होंने कहा कि यह कदम शांतिपूर्ण विरोध की आवाज दबाने की कोशिश है और यह बताता है कि आम आदमी पार्टी की सरकार में लोकतांत्रिक विरोध के लिए कोई जगह नहीं बची है।
सैलजा ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों से बातचीत के नाम पर छल कर रही है। एक ओर उन्हें वार्ता के लिए बुलाया जाता है, वहीं दूसरी ओर बैठक से बाहर निकलते ही पंजाब पुलिस उन्हें हिरासत में ले लेती है।
सरसों की सरकारी खरीद में देरी पर भी उन्होंने चिंता जताई और कहा कि मंडियों में न तो बारदाने की व्यवस्था है, न ही खरीद की कोई सुचारू प्रक्रिया। एमएसपी 5,550 रुपये प्रति क्विंटल तय होने के बावजूद किसान 5,200 से 5,250 रुपये में फसल बेचने को मजबूर हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कुप्रबंधन और लापरवाही ने किसानों को मजबूरी में बिचौलियों के हवाले कर दिया है। कांग्रेस इस विश्वासघात के खिलाफ किसानों के साथ खड़ी है और सरकार की जनविरोधी नीतियों का हर मंच पर विरोध करेगी।







































