सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिसार जिले में लॉरेंस गैंग से जुड़े एक व्यक्ति पर युवती के अपहरण का आरोप लगा है। यह मामला राष्ट्रीय महिला आयोग की जनसुनवाई में सामने आया, जहां पीड़िता के माता-पिता ने अपनी बेटी की बरामदगी और परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई।
आरोपी ने दी सफाई, आयोग ने लगाई फटकार
गौर करने वाली बात यह रही कि अपहरण का आरोपी पंकज भी महिला आयोग के सामने मौजूद था और उसने दावा किया कि युवती खुद घर से गई थी। आयोग सदस्य को उंगली दिखाकर बात करने पर उसे फटकार लगाई गई और अपनी सीट पर बैठने को कहा गया।
पुलिस को जल्द कार्रवाई के आदेश
राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य अनीता देवी ने पुलिस से पूछा कि लड़की कहां है और अब तक क्या कार्रवाई हुई। पुलिस ने बताया कि लड़की और उसकी मां के फोन ट्रेस कर लिए गए हैं और समाचार पत्रों के माध्यम से सूचना जारी कर दी गई है। इस पर आयोग ने पुलिस को जल्द से जल्द लड़की को बरामद करने और उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
आरोपी पर पहले से कई केस दर्ज
बताया जा रहा है कि आरोपी पंकज के खिलाफ पहले से ही आर्म्स एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। उसे अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार भी किया जा चुका है। वहीं, पंकज ने दावा किया कि खुशबू के साथ उसकी पहले बातचीत होती थी, लेकिन अब कोई संपर्क नहीं है।
परिवार को मिल रही धमकियां
पीड़िता की मां अनीता देवी के अनुसार, उसकी बेटी अगस्त 2021 से पंकज के साथ लिव-इन में थी, लेकिन 14 अक्टूबर 2021 को अचानक गायब हो गई। परिजनों का आरोप है कि पंकज अपराधी प्रवृत्ति का व्यक्ति है और वह लगातार उन्हें केस वापस लेने या जान से मारने की धमकी दे रहा है, जिससे उनका घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है।
परिवार की सुरक्षा और लड़की की बरामदगी की मांग
पीड़िता के परिजनों ने एसपी हिसार को भी इस मामले की शिकायत दी है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने अपनी बेटी को जल्द से जल्द ढूंढने और परिवार को सुरक्षा देने की गुहार लगाई है।





































