सिटी बिग न्यूज | हिसार
देश की दूसरी सबसे अमीर महिला और समाजसेवी सावित्री जिंदल अपने घर CSC (कॉमन सर्विस सेंटर) खोलने जा रही हैं। वह 20 मार्च को अपने जन्मदिन पर जिंदल हाउस में इस सेंटर का शुभारंभ करेंगी। इस केंद्र का उद्देश्य आम जनता को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराना है।
CSC सेंटर के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न सरकारी विभागों से संबंधित फॉर्म भरने और सरकारी सेवाओं का लाभ लेने की सुविधा मिलेगी, जो प्रत्येक शनिवार को उपलब्ध होगी। सावित्री जिंदल का कहना है कि यह पहल जनता को सशक्त बनाने के लिए है, जिससे किसी भी नागरिक को सरकारी सेवाओं का लाभ उठाने में परेशानी न हो।
CSC सेंटर और डिजिटल इंडिया
कॉमन सर्विस सेंटर भारत सरकार की डिजिटल इंडिया पहल का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो नागरिकों को सरकारी और गैर-सरकारी सेवाओं तक डिजिटल माध्यम से पहुंच प्रदान करता है।
जनता से जुड़ने की पहल
सावित्री जिंदल बिजनेस वुमेन होने के कारण अकसर शहर से बाहर रहती हैं। ऐसे में CSC सेंटर के माध्यम से उनका जनता से लगातार संपर्क बना रहेगा। जिंदल हाउस में लोगों की आवाजाही बनी रहे, इस उद्देश्य से भी इस केंद्र की स्थापना की जा रही है।
राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि जनता से सीधा संपर्क बनाए रखना महत्वपूर्ण है। पूर्व मंत्री डॉ. कमल गुप्ता की चुनावी हार का एक बड़ा कारण जनता से कट जाना भी था। ऐसे में सावित्री जिंदल यह सुनिश्चित कर रही हैं कि जनता को उनके कार्यों का सीधा लाभ मिले।




































