सिटी बिग न्यूज | हिसार
नासा के अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर नौ महीने अंतरिक्ष में रहने के बाद बुधवार तड़के सफलतापूर्वक पृथ्वी पर लौट आए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उनकी वापसी पर ट्वीट कर बधाई दी और लिखा, “स्वागत है क्रू 9! धरती ने आपको याद किया।”
मोदी ने कहा कि अंतरिक्ष अन्वेषण मानव क्षमता की सीमाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास है और सुनीता विलियम्स ने अपने पूरे करियर में इसका आदर्श प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि यह मिशन धैर्य, साहस और दृढ़ संकल्प की परीक्षा था, और क्रू 9 के अंतरिक्ष यात्रियों ने दुनिया को यह दिखाया कि सच्ची दृढ़ता का अर्थ क्या होता है।
प्रधानमंत्री ने उन सभी वैज्ञानिकों और तकनीकी विशेषज्ञों की सराहना की, जिन्होंने उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए अथक परिश्रम किया। उन्होंने कहा कि जब सटीकता जुनून से मिलती है और तकनीक दृढ़ता से, तब महान उपलब्धियां हासिल होती हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी सुनीता विलियम्स की वापसी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सफलता अंतरिक्ष विज्ञान में रुचि रखने वाले युवाओं के लिए प्रेरणा और मानवीय उपलब्धियों का प्रमाण है।





































